84 कोसी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए लगाए गए 10 दिवसीय मेडिकल हेल्थ कैंप का सफल समापन हो गया। जेपी इंफ्राटेक द्वारा संचालित इस सेवा अभियान के माध्यम से करीब 4700 श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं, निःशुल्क दवाइयां और आवश्यक सहायता प्रदान की गई। भीषण गर्मी के बीच यह कैंप परिक्रमार्थियों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ।
थाना नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन-64 अंडरपास के समीप बाघई-कटेलिया मार्ग पर जेपी इंफ्राटेक (सुरक्षा ग्रुप) द्वारा 84 कोसी परिक्रमा के दौरान 10 दिवसीय मेडिकल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। मंगलवार को इस सेवा शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
जेपी इंफ्राटेक के जीएम (संचालन) आनंद बृजराज सिंह ने बताया कि कंपनी समाज के प्रति अपने दायित्वों को प्राथमिकता देते हुए लगातार जनकल्याणकारी कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी केवल अधोसंरचना विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा और संवेदनशीलता के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
एजीएम (ऑपरेशन) भरत सिंह राठौड़ ने बताया कि शिविर के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं को निःशुल्क दवाइयां, प्राथमिक उपचार, फल, बिस्कुट, जूस, भोजन और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया गया। कैंप का उद्देश्य परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाना था।
भीषण गर्मी और लगातार पैदल यात्रा के कारण थकान, छाले और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे श्रद्धालुओं को मेडिकल टीम द्वारा तत्काल उपचार और मरहम-पट्टी की सुविधा दी गई। उपचार के बाद श्रद्धालु नई ऊर्जा के साथ अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर आगे बढ़ते दिखाई दिए।
इस सेवा अभियान में कैलाश हॉस्पिटल, भास्कर हॉस्पिटल और अनंत हॉस्पिटल की मेडिकल टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में मांट टोल प्लाजा प्रबंधन एवं जेपी ग्रुप के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
84 कोस परिक्रमा के दौरान लगाया गया यह मेडिकल कैंप हजारों श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की मजबूत ढाल साबित हुआ और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व यानी सीएसआर के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा।