डावली-पलसों मार्ग के निर्माण कार्य में कथित बाधा डालने के विरोध में पलसों गांव और आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में रुकावट पैदा करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को पलसों गांव सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर डावली-पलसों मार्ग के निर्माण कार्य को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 1984 से लंबित इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को कुछ दबंग और भू-माफिया लगातार प्रभावित कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण आर.के. पांडे ने बताया कि मार्ग के बीच स्थित तालाब के कारण करीब 125 मीटर हिस्से में सड़क का निर्माण लंबे समय से नहीं हो पाया था। हाल ही में जिला पंचायत द्वारा तालाब के किनारे से सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया, लेकिन कुछ लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालना शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के अभाव में किसानों को अपने खेतों और मंडियों तक पहुंचने के लिए लगभग 20 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। वहीं छात्राओं और ग्रामीणों को स्कूल एवं अन्य जरूरी कार्यों के लिए तालाब और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने कुछ लोगों पर सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।