Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 16 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
शांति और सौहार्द से होगा मोहर्रम, एएसपी आशना चौधरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर

मथुरा। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी एवं एएसपी आशना चौधरी ने की। इस दौरान थाना कोतवाली, गोविंद नगर एवं सदर क्षेत्र के पुलिस अधिकारी, मुस्लिम समाज के गणमान्य लोग, ताजिया कमेटियों के पदाधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों, संभावित रूट डायवर्जन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

एएसपी आशना चौधरी ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील भी की।

बैठक में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे, जिन पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया गया। साथ ही ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्गों की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि जुलूसों के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने संभावित रूट डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन सेवाओं की सुचारु उपलब्धता को लेकर भी विस्तार से मंथन किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।

बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा मोहर्रम को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।

Previous News

84 कोस परिक्रमा में मानव सेवा की मिसाल, 10 दिवसीय मेडिकल कैंप से 4700 श्रद्धालुओं को मिला स्वास्थ्य लाभ

Next News

अधिक मास समापन पर भजन संध्या और फूल बंगला का भव्य आयोजन, भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु