मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र में पुलिस की दबिश को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हत्या के प्रयास के एक मुकदमे में आरोपी की तलाश में पहुंची पुलिस पर परिवार ने घर में तोड़फोड़ और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
थाना गोविंद नगर क्षेत्र की महाविद्या कॉलोनी में सोमवार रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब पुलिस हत्या के प्रयास यानी धारा 307 के एक मामले में नामजद आरोपी की तलाश में उसके घर पहुंची। परिजनों का आरोप है कि आरोपी के घर पर नहीं मिलने से नाराज पुलिसकर्मियों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे, पानी की टंकी, समरसेबल और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया।
परिवार की महिलाओं का कहना है कि कुछ समय पहले उनके पति का क्षेत्र के एक पार्षद से विवाद हुआ था, जिसके बाद रंजिशन उनके पति के खिलाफ धारा 307 का मुकदमा दर्ज कराया गया। उनका दावा है कि यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि दबिश के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता और परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी। वहीं, पुलिस विभाग की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पीड़ित परिवार ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।