अधिक मास के समापन और सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर मथुरा के स्वामी घाट पर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान परशुराम शोभा यात्रा समिति एवं यमुना महारानी सेवा समिति के तत्वावधान में मां यमुना महारानी और लड्डू गोपाल का भव्य नौका विहार कराया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
सोमवार देर शाम स्वामी घाट पर आयोजित इस विशेष धार्मिक कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण की पटरानी मां यमुना महारानी एवं लड्डू गोपाल को फूलों से सुसज्जित आकर्षक नाव में विराजमान किया गया। उनके समक्ष छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा आम का भव्य बंगला सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से मां यमुना का पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद लगभग आधा दर्जन नावों में सवार होकर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ मां यमुना में नौका विहार किया। पूरे घाट पर भक्ति रस की ऐसी धारा बही कि वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस आयोजन में भगवान परशुराम शोभा यात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राम गोपाल शर्मा, महामंत्री बंसीलाल शर्मा, महिला अध्यक्ष भावना शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अलौकिक दृश्य को देखने के लिए स्वामी घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
आयोजकों ने बताया कि अधिक मास के समापन एवं सोमवती अमावस्या के अवसर पर मां यमुना और लड्डू गोपाल का नौका विहार, छप्पन भोग तथा आम के बंगले का आयोजन सामूहिक सहयोग से किया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन श्रद्धालुओं के सहयोग से आयोजित किए जाते रहेंगे।