धर्मनगरी मथुरा में स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में सोमवती अमावस्या और अधिक मास के समापन के उपलक्ष्य में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। दीपों की रोशनी, रंग-बिरंगी सजावट और पुष्प श्रृंगार से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
सोमवार देर शाम श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में दीपोत्सव बड़े श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर श्री केशव देव जी महाराज का विशेष एवं भव्य श्रृंगार किया गया तथा आकर्षक फूल बंगला सजाया गया। देश-विदेश से आए विभिन्न प्रकार के पुष्पों से सुसज्जित मंदिर परिसर सुगंध से महक उठा।
रंग-बिरंगी विद्युत सजावट और दीपों की जगमगाहट ने पूरे जन्मस्थान परिसर को अलौकिक स्वरूप प्रदान किया। मनमोहक झांकियों और भव्य सजावट को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
दीपोत्सव का शुभारंभ श्रीकृष्ण जन्मस्थान संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी तथा मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्रीकांत शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान झांझ, मजीरा और मृदंग की मधुर ध्वनियों के बीच श्री गिरिराज जी, श्री योगमाया तथा भागवत भवन स्थित विभिन्न मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
इस अवसर पर विधायक श्रीकांत शर्मा और प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि अधिक मास के समापन एवं सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर यह दीपोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर दीपोत्सव की दिव्यता का अनुभव किया।