Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 05 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बरगद के पेड़ से टकराई तेज रफ्तार डीसीएम, एक ही परिवार के 12 लोग घायल; 20 खच्चरों की मौत

महोबा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पिपरामाफ गांव के पास तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े विशाल बरगद के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वर्षों पुराना बरगद का पेड़ जड़ समेत उखड़ गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के समय डीसीएम में प्रयागराज के एक ईंट भट्टे में काम करने वाले तीन सगे भाइयों का परिवार सवार था, जो काम खत्म कर अपने गृह जनपद टीकमगढ़ लौट रहा था। वाहन में परिवार के सदस्य और उनके साथ बड़ी संख्या में खच्चर भी मौजूद थे।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वाहन में सवार एक ही परिवार के 12 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे में वाहन में लदे 20 खच्चरों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिजनों को भारी आर्थिक नुकसान भी हुआ है।

स्थानीय ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

परिजनों ने हादसे के लिए चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि यदि वाहन नियंत्रित गति में होता तो इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है, जबकि मृत खच्चरों के कारण परिवार को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात भी सामने आ रही है।

Previous News

बिजली संकट पर AAP का हल्लाबोल, बोली- जनता बिजली मांगेगी तो मंत्री कहेंगे 'जय श्रीराम'

Next News

ओंकार त्यागी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 50 हजार का इनामी मोहित गिरफ्तार