Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 05 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बिजली संकट पर AAP का हल्लाबोल, बोली- जनता बिजली मांगेगी तो मंत्री कहेंगे 'जय श्रीराम'

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटरों को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मथुरा के कैंट स्थित बिजली घर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार की विद्युत नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष प्रवीण भारद्वाज और जिला अध्यक्ष भगत सिंह ने किया।

प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा, जिसमें प्रदेश की चरमराई विद्युत व्यवस्था, बढ़ती बिजली दरों और स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए।

महानगर अध्यक्ष प्रवीण भारद्वाज ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार के मंत्री और जनप्रतिनिधि जनता को 24 से 36 घंटे बिजली देने के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी और उमस के बीच मथुरा सहित पूरे प्रदेश में लोगों को मुश्किल से 8 से 10 घंटे बिजली मिल रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो जनता बिजली मांगेगी तो सरकार के मंत्री "जय श्रीराम" बोलकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेंगे। जनता को राहत देने के बजाय सरकार केवल प्रचार और दावों में व्यस्त है।

वहीं जिला अध्यक्ष भगत सिंह ने स्मार्ट मीटरों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं। गलत रीडिंग और फर्जी बिलिंग के जरिए आम लोगों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।

आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Previous News

जीआरपी-आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई! चोरी के 6 मोबाइल के साथ तीन शातिर चोर गिरफ्तार

Next News

बरगद के पेड़ से टकराई तेज रफ्तार डीसीएम, एक ही परिवार के 12 लोग घायल; 20 खच्चरों की मौत