मथुरा में फूलन देवी को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के बाद निषाद समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। समाज के लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि मामला 9 तारीख को निकाली गई एक रैली से जुड़ा है। आरोप है कि रैली के दौरान आकाश ठाकुर नामक युवक ने माता फूलन देवी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की और भद्दे गाने बजाए। निषाद समाज के लोगों का कहना है कि इस घटना से उनकी सामाजिक और धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे जहांगीरपुर निवासी निषाद समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व जातीय वैमनस्य फैलाकर क्षेत्र का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। समाज के लोगों का कहना है कि रैली से पहले भी कुछ युवकों ने फूलन देवी को लेकर आपत्तिजनक बातें कही थीं, जिन्हें वे सार्वजनिक रूप से बता भी नहीं सकते।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक युवक लगातार सोशल मीडिया पर फूलन देवी के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कर रहा है। मामले को लेकर निषाद समाज के लोगों ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।