Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 21 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, रनवे से टकराया एयर इंडिया विमान, 179 यात्री सुरक्षित

दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2651 लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार होते-होते बच गई। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उतरते समय विमान ‘टेल-स्ट्राइक’ का शिकार हो गया, जिसमें विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। हालांकि पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और सभी 179 यात्रियों तथा क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के मुताबिक लैंडिंग के दौरान विमान को आगे उड़ रहे दूसरे विमान की वजह से ‘वेक टर्बुलेंस’ का सामना करना पड़ा। इसी दौरान विमान का संतुलन प्रभावित हुआ और उसकी टेल रनवे से टकरा गई। घटना के बाद विमान को तुरंत जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया।

इस घटना के चलते बेंगलुरु से दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट AI2652 को रद्द कर दिया गया है। एयर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही है। एयरलाइन की ग्राउंड टीम यात्रियों को हर जरूरी सहायता उपलब्ध करा रही है।

एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार ‘वेक टर्बुलेंस’ उस स्थिति को कहा जाता है जब किसी बड़े विमान के उड़ान भरने के बाद उसके इंजन से उत्पन्न तेज हवा पीछे आ रहे विमान की स्थिरता को प्रभावित करती है। बताया जा रहा है कि एयर इंडिया की फ्लाइट के उतरने से ठीक पहले एक बोइंग 747 ने उड़ान भरी थी, जिसके कारण यह स्थिति बनी।

एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि घटना की जांच सभी सरकारी नियमों और सुरक्षा मानकों के तहत की जा रही है। कंपनी ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दरअसल ‘टेल-स्ट्राइक’ वह स्थिति होती है जब टेकऑफ, लैंडिंग या गो-अराउंड के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा जाता है। विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसी घटनाएं गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं, लेकिन समय रहते सही निर्णय लेने से बड़े हादसे टाले जा सकते हैं।

 
Previous News

फूलन देवी पर कथित अभद्र टिप्पणी से भड़का निषाद समाज, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

Next News

नोएडा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार - 15 बाइकें और स्कूटी बरामद