Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 19 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
यमुना में डूबते भाइयों को बचाने कूदा युवक भी लापता, तीन दोस्त छोड़कर भागे

मथुरा के बलदेव क्षेत्र स्थित कैलाश घाट पर दर्दनाक हादसा हो गया। यमुना में नहाते समय दो सगे भाई गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए आगरा का एक युवक नदी में कूद गया, लेकिन वह भी तेज बहाव में समा गया। पुलिस ने एक युवक का शव बरामद कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

बलदेव क्षेत्र के गांव सेहत स्थित कैलाश घाट पर सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे बड़ा हादसा हो गया। राया निवासी एलेन हसन उर्फ अलीशान और उनका भाई आशू अपने पांच दोस्तों के साथ ई-रिक्शा से यमुना में नहाने पहुंचे थे।

नहाते समय दोनों सगे भाई अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों भाइयों ने बचाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन साथ आए तीन दोस्त मदद करने के बजाय मौके से भाग निकले।

घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान आगरा के बोदला माहौल नगर निवासी डेविड दोनों भाइयों को बचाने के लिए यमुना में कूद गए, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह भी नदी में समा गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू अभियान के दौरान शाम करीब सात बजे गोताखोरों ने एलेन हसन उर्फ अलीशान का शव बरामद कर लिया, जबकि उनके भाई आशू और बचाने कूदे डेविड की तलाश देर रात तक जारी रही।

मौके पर एसडीएम ऊषा सिंह और सीओ महावन श्वेता वर्मा भी पहुंचीं। पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह फिर से गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम की मदद से सर्च अभियान चलाया जाएगा।

बताया गया कि डेविड अविवाहित थे और आगरा में चांदी की दुकान पर कढ़ाई का काम करते थे। घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजन भी घाट पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कैलाश घाट पहले भी कई हादसों का गवाह बन चुका है। इसके बावजूद यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

 
Previous News

अंतिम संस्कार में जा रहे लोगों की गाड़ी हादसे का शिकार - दो लोगों की मौके पर मौत

Next News

ट्रक से कुचलकर महिला की दर्दनाक मौत - बेटे के सामने गई मां की जान