पत्नी से विवाद के बाद नाले में कूदा युवक, रातभर चला रेस्क्यू - सुबह मिला शव

  • 8 days ago
  • 152 views


नोएडा। सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास पत्नी से विवाद के बाद 29 वर्षीय युवक के नाले में कूदने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे युवक का शव नाले से बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रवि (29) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से एटा के जलेसर थाना क्षेत्र के जैनपुरा का रहने वाला था और वर्तमान में नोएडा के हरौला क्षेत्र में रह रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक घर में शराब पीने को लेकर पत्नी से विवाद के बाद रवि गुस्से में घर से निकला और सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचकर नाले में कूद गया।

घटना की सूचना डायल-112 के जरिए पुलिस को मिली। इसके बाद थाना सेक्टर-39 पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने तलाश शुरू की। नाले की गहराई और पानी के बहाव के चलते रेस्क्यू में काफी मुश्किलें आईं। पुलिस और फायर सर्विस के साथ SDRF और NDRF की टीमों ने भी सर्च ऑपरेशन में मदद की।

रातभर चले अभियान के बाद गुरुवार सुबह करीब 6 बजे बचाव दल को रवि का शव नाले में मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now