लखनऊ में पुलिस-नगर निगम टीम पर हमला, पथराव और मारपीट से मचा बवाल… अतीक कनेक्शन की जांच

  • 59 days ago
  • 137 views


लखनऊ राजधानी लखनऊ के बुद्धेश्वर इलाके में नगर निगम और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। अवैध दूध डेरियों और गंदगी की शिकायत पर पशु पकड़ने पहुंची टीम का कुछ लोगों ने विरोध किया और देखते ही देखते पथराव व मारपीट शुरू हो गई। हमले में पुलिसकर्मियों और नगर निगम कर्मचारियों को चोटें आईं, जबकि सरकारी वाहनों के शीशे भी टूट गए।

बताया गया कि कार्रवाई के दौरान विरोध कर रहे लोगों ने टीम को घेर लिया। आरोप है कि बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल के साथ मारपीट की गई और लोहे की चेन से हमला किया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बावजूद नगर निगम की टीम ने कार्रवाई जारी रखते हुए मौके से 18 भैंसों को पकड़ा।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि करीब एक दर्जन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और CCTV फुटेज के जरिए अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

वहीं, इस मामले में आरोपियों के कथित अतीक अहमद कनेक्शन की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी इस कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन आरोपियों की संपत्तियों और कथित अवैध निर्माण से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रहा है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now