सेंट फ्रांसिस स्कूल के छात्रों ने चलाया स्वच्छता अभियान, नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का...
- 9h ago
गुजरात के सूरत में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सूरत महानगरपालिका के एक सिक्योरिटी ऑफिसर को कथित तौर पर ₹25 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी ने अपने ही विभाग के एक कर्मचारी से गर्भवती पत्नी को डॉक्टर के पास ले जाने के लिए ड्यूटी से छुट्टी देने और गैरहाजिरी का मेमो जारी नहीं करने के बदले रिश्वत मांगी थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैलेष मणीलाल पारेख के रूप में हुई है। वह सूरत महानगरपालिका के वॉच एंड वार्ड विभाग में क्लास-3 सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर तैनात था।
ACB के मुताबिक, शिकायतकर्ता भी महानगरपालिका में कर्मचारी है। उसकी पत्नी गर्भवती है और उसे नियमित मेडिकल जांच के लिए डॉक्टर और अस्पताल ले जाना पड़ता था। इसी वजह से कर्मचारी को कई बार ड्यूटी के दौरान पत्नी के साथ अस्पताल जाना पड़ता था।
आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए सिक्योरिटी ऑफिसर ने कर्मचारी से ₹25 हजार की मांग की। इसके बदले उसे ड्यूटी के दौरान बाहर जाने की अनुमति देने और गैरहाजिरी दर्ज नहीं करने की बात कही गई थी।
रिश्वत देने के बजाय कर्मचारी ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी। शिकायत के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। 28 सितंबर को कर्मचारी ने आरोपी अधिकारी से संपर्क किया और कथित तौर पर ₹25 हजार की रिश्वत दी।
रकम स्वीकार करते ही ACB की टीम ने अधिकारी को पकड़ लिया। उसके पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई। कार्रवाई सूरत महानगरपालिका परिसर में आरोपी के चेंबर में की गई।
मामले में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। ACB यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने इससे पहले अन्य कर्मचारियों से भी इसी तरह रिश्वत की मांग की थी।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर