₹10 हजार के लेनदेन में खूनी संघर्ष, डंडों से पीटकर साथी की हत्या; 24 घंटे में कर्णप्रयाग पुलिस ने आरोपी को दबोचा

  • 3h ago
  • 80 views


₹10 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया। उत्तराखंड के चमोली जनपद के कर्णप्रयाग क्षेत्र के ग्राम सेमी में एक युवक की डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो बांस के डंडे भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम सेमी में दो व्यक्तियों के बीच झगड़ा हो रहा है और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलते ही कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची। वहां सुमित कुमार (28), पुत्र सौनाथ, निवासी कलापुर बुजुर्ग, थाना कीरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश, पानी की टंकी के पास जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें थीं तथा काफी खून बह चुका था।

मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि सुनील कुमार ने सुमित पर डंडे से हमला किया और इसके बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने घायल सुमित को तत्काल उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

₹10 हजार रुपये बने हत्या की वजह

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी सुनील कुमार ने बताया कि उसके पास दो खच्चर हैं और वह पिछले 15 से 20 दिनों से सुमित कुमार के साथ रेत-बजरी ढुलाई का काम कर रहा था। इसी काम के दौरान सुमित पर उसके 10 हजार रुपये बकाया हो गए थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को शराब पीने के बाद आरोपी ग्राम सेमी स्थित सुमित के डेरे पर पहुंचा और दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने बांस के डंडे से सुमित के सिर पर हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंचे साथी को दी धमकी

पुलिस के अनुसार, डंडे से हमला होने के बाद सुमित जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन आरोपी ने उस पर लगातार वार किए। सुमित की आवाज सुनकर उसका साथी अशोक कुमार बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपी ने उसे धमकी देकर वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया।

घटना के बाद अशोक कुमार ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुमित को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोखरी रोड के पास से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक चमोली के निर्देश पर गठित टीम ने सुरागरसी और पतारसी के आधार पर फरार आरोपी सुनील कुमार को पोखरी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ग्राम सेमी में घटनास्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे बरामद किए।

मृतक के बड़े भाई विपिन कुमार की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 35/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में अभियोग दर्ज किया गया।

न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजा गया आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार (28), पुत्र हयात राम, निवासी ग्राम गोठिंडा जूनिधार, पोस्ट ऑफिस चेपड़ो, थाना थराली, जनपद चमोली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 16 अक्टूबर 2026 को न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट कर्णप्रयाग के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई

इस मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक विनोद प्रसाद थपलियाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह नेगी, उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाई, जय सिंह राणा और वीरपाल नेगी सहित हेड कांस्टेबल प्रकाश कंडवाल, राकेश पोखरियाल, सतीश गुसाई, दर्शन तथा कांस्टेबल संतोष चौहान शामिल रहे।

कर्णप्रयाग पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या के मामले में फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की वैधानिक कार्रवाई की है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now