बहू गई मायके, बुजुर्ग दंपति के बेटे पर भाभी को भगाने का आरोप लगाने का...
- 2h ago
औरैया जिले के अयाना थाना क्षेत्र के खेराडांडा गांव में मंगलवार शाम खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने और जलते हुए सिलिंडर को घर से बाहर निकालने के प्रयास में चार लोग झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हालांकि, उनके पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए गीली दरी डालकर आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने सभी चार घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अयाना में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, खेराडांडा निवासी राजरानी पत्नी प्रेमशंकर मंगलवार शाम करीब सात बजे अपने रसोईघर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलिंडर में आग लग गई। राजरानी ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह झुलस गईं। इसके बाद वह शोर मचाते हुए रसोईघर से बाहर निकल आईं। घर में आग लगने की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और जलते हुए सिलिंडर को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे।
जलता सिलिंडर बाहर निकालने में चार लोग झुलसे
सिलिंडर में लगी आग को देखकर परिवार के लोगों ने उसे घर से बाहर निकालने की कोशिश की। इस दौरान किशन पुत्र श्याम सिंह, रामनरेश की पत्नी कोमल और अवधेश की पुत्री अंशू भी झुलस गए। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए।
ग्रामीणों ने गीली दरी की मदद से आग पर काबू पाया। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस ने चारों घायलों को सीएचसी अयाना पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।
सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम पहुंची
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ अजीतमल शैलेंद्र सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) तेजवीर सिंह और अयाना थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल पुलिस बल तथा दमकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी जुटाई। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण आग बुझा चुके थे।
दो माह पहले हादसे में टूट गया था किशन का पैर
घटना में झुलसे किशन ने बताया कि करीब दो महीने पहले बाइक से गिरने के कारण उसका पैर टूट गया था। वह अभी पूरी तरह स्वस्थ भी नहीं हो पाया था कि इस हादसे में आग से झुलस गया। घटना के बाद परिवार के लोग घायलों के उपचार को लेकर चिंतित नजर आए।
लीकेज से आग लगने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
अयाना थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया गैस लीकेज के कारण सिलिंडर में आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
गनीमत रही कि ग्रामीणों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। फिलहाल, चारों घायलों का उपचार कराया जा रहा है और पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर