मथुरा जनपद की थाना सुरीर पुलिस ने टैंटीगांव में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण, नकदी और अवैध तमंचा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 23 और 24 अप्रैल 2026 की रात कस्बा टैंटीगांव क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल बन गया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना सुरीर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना सुरीर पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुभाष पुत्र जयपाल सिंह निवासी सोमापुर रोड कस्बा खेड़ा जनपद अलीगढ़ तथा नरेश पुत्र नेम सिंह निवासी ग्राम रायपुर बांगर थाना नौहझील जनपद मथुरा के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक जोड़ी पाजेब, सात सोने की परत चढ़ी सिगरेट डिब्बियां, 12 हजार 500 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा 315 बोर और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा जा रहा है।
थाना सुरीर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। स्थानीय नागरिकों ने चोरी की वारदात के त्वरित खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना की है।