मथुरा के थाना राया क्षेत्र के गांव नगला हरी में उस समय हड़कंप मच गया, जब विनय पुत्र जयपाल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर में चारपाई पर पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों का दावा है कि शव नग्न अवस्था में था, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक के शरीर पर कपड़े मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार विनय नशे का आदी था और इसी वजह से घर में आए दिन विवाद होता रहता था। परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले भी विनय ने पत्नी के साथ मारपीट की थी, जिससे नाराज होकर पत्नी मायके चली गई थी। आशंका जताई जा रही है कि घरेलू तनाव के चलते विनय ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला अत्यधिक शराब सेवन से मौत का प्रतीत हो रहा है। मौके से शराब की बोतलें और बीयर के केन बरामद किए गए हैं। सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
पति की मौत की खबर मिलते ही मायके गई पत्नी बदहवास हालत में थाने पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।