देशवासियों के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल महंगा हो सकता है और 15 मई से पहले कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में अमेरिका-ईरान तनाव और होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी के चलते कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसका असर वैश्विक बाजार में साफ दिखाई दे रहा है, जहां कच्चे तेल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर करीब 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, बढ़ती कीमतों के कारण तेल कंपनियों पर भारी आर्थिक दबाव बना हुआ है और उन्हें हर महीने लगभग 30 हजार करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। केंद्र सरकार अब तक उत्पाद शुल्क में कटौती कर पेट्रोल-डीजल के दामों को नियंत्रित किए हुए है, लेकिन लगातार बढ़ते बोझ के चलते राहत देना मुश्किल होता जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक सरकार और तेल कंपनियां फिलहाल पेट्रोल पर करीब 24 रुपये प्रति लीटर का अतिरिक्त भार वहन कर रही हैं ताकि आम जनता पर सीधा असर न पड़े। हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी उथल-पुथल के कारण आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना बढ़ गई है।