बुलंदशहर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलाधिकारी के निर्देश पर गुलावठी क्षेत्र में एक गोदाम पर छापेमार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में सरसों तेल और नूडल्स का स्टॉक बरामद किया। कार्रवाई के दौरान कई पैकेटों पर निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि स्पष्ट रूप से अंकित नहीं मिली, जिसके बाद विभाग ने माल को सीज कर जांच शुरू कर दी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गोदाम में रखे सरसों तेल और नूडल्स के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में पैकेजिंग नियमों के उल्लंघन की आशंका सामने आई है।
कार्रवाई के दौरान करीब 1 लाख 74 हजार रुपये कीमत का माल सीज किया गया। छापेमारी के दौरान गोदाम संचालकों में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चला रहा है, ताकि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर रोक लगाई जा सके।