समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कोलकाता पहुंचकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस दौरान टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे। कोलकाता पहुंचने पर अभिषेक बनर्जी ने अखिलेश यादव का गले मिलकर स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी से कहा, “दीदी आप हारी नहीं हैं।” इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा।
कोलकाता एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की आंखों में ममता बनर्जी खटकती हैं, क्योंकि वह आधी आबादी यानी महिलाओं का प्रतिनिधित्व करती हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव तो हुए, लेकिन लोगों ने अपनी इच्छा से कम और दबाव में ज्यादा मतदान किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निष्पक्ष चुनाव कराने वाली संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी की सोच सामंती है और वह महिलाओं को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहती। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के उपचुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी लोगों को वोट डालने से रोकने के आरोप लगे थे।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को 80 सीटें मिली हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य में राजनीतिक तनाव और हिंसा की घटनाएं भी सामने आई हैं।
इसी बीच बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना ने राज्य की राजनीति को और गर्मा दिया है।