Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 23 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा-बरेली हाईवे पर भीषण हादसा, पेट्रोलियम टैंकरों की भिड़ंत में चालक-परिचालक की दर्दनाक मौत

मथुरा। थाना राया क्षेत्र के अंतर्गत गांव हुलू के समीप सोमवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पेट्रोलियम पदार्थ से भरे दो टैंकरों की जोरदार भिड़ंत में पीछे से टक्कर मारने वाले टैंकर का कैबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कैबिन के अंदर फंसे चालक और परिचालक की जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, एक टैंकर मथुरा रिफाइनरी से पेट्रोलियम पदार्थ लेकर इगलास की ओर जा रहा था। इसी दौरान हुलू पुल से पहले सड़क पर खराबी के चलते एक अन्य टैंकर खड़ा हुआ था। तभी पीछे से तेज गति में आ रहे दूसरे टैंकर ने खड़े टैंकर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे से टक्कर मारने वाले टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक-परिचालक कैबिन में बुरी तरह फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों को क्षतिग्रस्त कैबिन से बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।

मृतक परिचालक की पहचान रामवीर निवासी इगलास, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है, जबकि मृतक चालक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

सीओ महावन संजीव राय ने बताया कि हुलू के समीप सड़क पर खराब खड़े पेट्रोल टैंकर में पीछे से दूसरे टैंकर ने टक्कर मारी थी। हादसे में चालक और परिचालक की मौत हुई है। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। एक बार फिर हाईवे पर खराब वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Previous News

कंस वध मेले में धीरेंद्र शास्त्री को कंस दिखाने पर भड़के संत, SP क्राइम को ज्ञापन देकर मुकदमे की मांग

Next News

महेश्वरी महिला मंडल ने श्रद्धा और उल्लास से मनाया अन्नकूट महोत्सव