मथुरा के ऐतिहासिक कंस वध मेले में निकाली गई एक झांकी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कंस के रूप में दर्शाए जाने पर ब्रज के साधु-संतों में भारी नाराजगी है। इसी विरोध में बड़ी संख्या में संत-महंत और ब्रजवासी एसएसपी कार्यालय पहुंचे, जहां एसपी क्राइम को ज्ञापन सौंपकर आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की गई। क्या है पूरा मामला, देखिए
मथुरा के ऐतिहासिक कंस वध मेले की एक झांकी अब विवाद का बड़ा कारण बन गई है। माथुर चतुर्वेदी परिषद के तत्वावधान में आयोजित मेले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कंस के रूप में दर्शाए जाने का आरोप है। इतना ही नहीं, झांकी में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कंस के रूप में दिखाए गए पात्र को पीटने का दृश्य भी प्रदर्शित किया गया।
झांकी का वीडियो मीडिया पर सामने आने के बाद विवाद बढ़ता चला गया। इसके विरोध में ब्रज के साधु-संत, महामंडलेश्वर, धर्माचार्य और समाजसेवी एकजुट होकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एसपी क्राइम से मुलाकात कर शिकायती ज्ञापन सौंपा और मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग उठाई।
संतों का कहना है कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रति करोड़ों सनातनियों की आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में उन्हें कंस के रूप में दर्शाना और इस तरह का दृश्य प्रस्तुत करना उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है।
संतों ने यह भी कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हमेशा भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति व्यक्त करते रहे हैं। ऐसे में मेले की झांकी में उनकी छवि को इस तरह प्रस्तुत किया जाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
ज्ञापन के माध्यम से संत समाज ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित आयोजकों की भूमिका की जांच करने और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।