Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 23 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का 16 दिसंबर तक मौका, 18 साल पूरे कर चुके युवा जरूर करें आवेदन

अगर आपकी उम्र 18 साल पूरी हो चुकी है और अभी तक मतदाता सूची में आपका नाम दर्ज नहीं है, तो आपके पास वोटर बनने का सुनहरा मौका है। मथुरा जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 16 दिसंबर तक नए नाम जोड़ने और पहले से दर्ज विवरण में संशोधन कराने की सुविधा दी जा रही है। प्रशासन ने युवाओं समेत सभी पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। देखिए ये रिपोर्ट।

मथुरा जिले में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, पता बदलवाने और अन्य जरूरी संशोधन कराने का अवसर दिया गया है।

आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में मथुरा की अनुमानित आबादी करीब 32 लाख 90 हजार है, जबकि 17 नवंबर को प्रकाशित मतदाता सूची में लगभग 17 लाख 5 हजार मतदाता दर्ज हैं। प्रशासन के अनुमान के अनुसार इस अभियान के दौरान करीब 3 लाख 25 हजार नए मतदाताओं के नाम जुड़ने की संभावना है।

प्रशासन ने खासतौर पर उन युवाओं से आवेदन करने की अपील की है, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है। नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा, जबकि पता या मतदान केंद्र से संबंधित बदलाव के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में 2 हजार 263 बीएलओ, पांच ओएसडीएम और तहसीलदारों की तैनाती की गई है। इसके अलावा नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी अपना आवेदन कर सकते हैं।

प्रशासन का कहना है कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए बेहद जरूरी है।

Previous News

जमुनापार पुलिस ने चोरी की वारदात का किया खुलासा, 10 हजार रुपये और अवैध तमंचे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Next News

कंस वध मेले में धीरेंद्र शास्त्री को कंस दिखाने पर भड़के संत, SP क्राइम को ज्ञापन देकर मुकदमे की मांग