मथुरा की तहसील महावन में आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने कस्बा महावन स्थित गुरु काष्डेय इंटर कॉलेज पहुंचकर पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बूथ पर मौजूद बीएलओ से मतदाता सूची और जनगणना से संबंधित कार्यों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बीएलओ से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता सूची में छूटे हुए लोगों का विवरण और जनगणना कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची से जुड़े सभी कार्य पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
इस दौरान डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने महावन के नागरिकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें। इसके साथ ही जिन लोगों के नाम पिछली मतदाता सूची में छूट गए हैं, वे भी अपना नाम दर्ज कराने के लिए आगे आएं।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी महावन प्राजक्ता त्रिपाठी, नागेंद्र जी महाराज एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुशील कुमार कर्दम मौजूद रहे।
अब देखना होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन की यह मुहिम कितनी प्रभावी साबित होती है।