Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 07 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की सरेआम गोली मारकर हत्या, बंगाल की राजनीति में हड़कंप

पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यग्राम इलाके में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया, जहां भाजपा नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ अपनी कार से घर लौट रहे थे, तभी दोहरिया मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने उन पर तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से गोली सीधे उनके सीने में लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

इस हमले में उनके साथ मौजूद एक सुरक्षा गार्ड और एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

चंद्रनाथ रथ पिछले करीब पांच वर्षों से शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी सहयोगी माने जाते थे और चुनावी अभियानों सहित कई अहम राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। ऐसे में इस हत्याकांड को राजनीतिक दुश्मनी और साजिश के एंगल से भी देखा जा रहा है। घटना के बाद बंगाल की राजनीति गरमा गई है और भाजपा ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Previous News

CM उमर अब्दुल्ला का BJP पर निशाना, बोले- “पश्चिम बंगाल में हुई बड़ी गलती”

Next News

डकैती डालने वाले बावरिया गिरोह दो मुख्य डकैत एनकाउंटर में ढेर, स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा और हेड कांस्टेबल दुर्ग विजय घायल