वृंदावन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर हाईपावर कमेटी की 22वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और प्रवेश व्यवस्था सुचारु करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
हाईपावर कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार के अनुसार, मंदिर की जमा धनराशि पर आयकर देयता कम करने के उद्देश्य से 8 करोड़ रुपये खर्च करने सहित आगामी वर्षों में चरणबद्ध तरीके से धनराशि व्यय करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया, लेकिन फिलहाल इसे अगली बैठक तक स्थगित कर दिया गया।
वहीं कमेटी के सदस्य एवं सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाते हुए सरकार से 50 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने इस भूमि पर नवीन मंदिर निर्माण की इच्छा जताई। बैठक की अगली तारीख 14 या 16 दिसंबर 2026 प्रस्तावित की गई है।