मथुरा जनपद के मांट क्षेत्र में कलयुग के देवता बाबा श्री खाटू श्याम का जन्मोत्सव 20 नवंबर 2026 को बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मांट मूला स्थित नरसिंह बगीची के खाटू श्याम मंदिर में आयोजित होने वाले इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जन्मोत्सव के अवसर पर बाबा श्याम का 41 किलोग्राम का विशाल केक काटा जाएगा। इस आयोजन में क्षेत्र के ग्रामीणों सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती पूनम सिंह, पत्नी श्री वीरेंद्र वर्मा उर्फ छोटू (फाटक वाले), अमेरिका वाले हैं। उनके द्वारा इस भव्य आयोजन की तैयारियां कराई जा रही हैं। बताया गया कि श्रीमती पूनम सिंह द्वारा ही खाटू श्याम मंदिर का निर्माण कराया गया है और मंदिर के मासिक खर्च की व्यवस्था भी उनके द्वारा की जाती है।
मंदिर सेवक राहुल सिंह राजपूत ने बताया कि 20 नवंबर को सुबह 5:30 बजे बाबा का विधि-विधान से स्नान कराया जाएगा। इसके बाद दिनभर धार्मिक एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे। बाबा की मंगल आरती, भव्य फूल बंगला, भोग आरती, मनमोहक श्रृंगार, छप्पन भोग और प्रसाद वितरण कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहेंगे। वहीं, रात 8:30 बजे भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा।
नरसिंह बगीची परिसर में नरसिंह भगवान का प्राचीन मुख्य मंदिर सहित राम-लक्ष्मण-सीता मंदिर, श्री राधा-कृष्ण मंदिर, शेरावाली माता मंदिर, महादेव मंदिर, हनुमान मंदिर और भैरवनाथ मंदिर भी श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं।
मंदिर सेवक राहुल सिंह राजपूत ने समस्त ग्रामवासियों और क्षेत्र के श्रद्धालुओं से बाबा श्याम के जन्मोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। इस पावन अवसर पर भक्त बाबा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे और भक्ति एवं उल्लास के साथ जन्मोत्सव मनाएंगे।