Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 15 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
गिरिराज परिक्रमा मार्ग को स्वच्छ बनाने का संकल्प, आठवें रविवार भी चला महाअभियान; चेयरमैन सुरेश सिंह ने खुद लगाई झाड़ू

गोवर्धन। ब्रजभूमि की पावन धरा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र श्री गिरिराज महाराज की परिक्रमा को स्वच्छ एवं पॉलिथीन मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बाबा कढ़ेरा सिंह आवासीय विद्या मंदिर, नगला-अखा (सौंख) की ओर से चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान आठवें रविवार को भी पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ जारी रहा।

रविवार सुबह 8 बजे विद्यालय परिवार की टीम खंभा संख्या 265 से 300 तक पहुंची और करीब तीन किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग के दोनों ओर सघन सफाई अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत विद्यालय के चेयरमैन एवं वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश सिंह ने स्वयं झाड़ू लगाकर की। उन्होंने खुद श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

इस अभियान में करीब 30 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। टीम ने 25 झाड़ू, दस्ताने और कूड़ेदानों की मदद से परिक्रमा मार्ग पर फैली प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन, दोना-पत्तल और सूखे पत्तों को एकत्र कर सफाई की। विद्यालय के प्रबंधक प्रहलाद सिंह, शिक्षा निदेशक एसवी सिंह, प्राचार्य डॉ. अर्जुन शर्मा, कोऑर्डिनेटर बिपिन सिंह सहित शिक्षक, कर्मचारी और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया।

इस अवसर पर चेयरमैन सुरेश सिंह ने कहा कि गोवर्धन करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व समझाना भी है।

वहीं प्रबंधक प्रहलाद सिंह ने श्रद्धालुओं और दुकानदारों से अपील की कि वे परिक्रमा मार्ग पर कूड़ा-कचरा न फैलाएं और प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करते हुए कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें।

अभियान में दाऊ पंडित, ऋषि पंडित, भगत सिंह, उधम सिंह, अशोक कुमार, वीरपाल प्रधान, रणवीर, ओमप्रकाश, रामानंद सहित अनेक लोगों ने सहयोग किया।

Previous News

19 नवंबर को ताजमहल समेत आगरा के सभी स्मारकों में फ्री एंट्री! बिना टिकट घूम सकेंगे पर्यटक, जानिए क्या है खास नियम

Next News

आगरा में अखिलेश यादव के सामने सपा में शामिल हुए बाल योगी! 2027 चुनाव से पहले सपा ने चला बड़ा सियासी दांव