मथुरा में दर्ज एफआईआर पर पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के नेता कुंवर नरेंद्र सिंह ने नाराजगी जताई है। आरएलडी के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों से दर्जनों पीड़ित एसएसपी कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई।
आरएलडी नेता कुंवर नरेंद्र सिंह का आरोप है कि थानों में मुकदमे तो दर्ज कर लिए जाते हैं, लेकिन पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के चलते आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। इसके चलते आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और पीड़ित न्याय के लिए भटकने को मजबूर हैं।
इस दौरान उन्होंने मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में जमीनों पर अवैध कब्जे के मामलों का मुद्दा भी उठाया। कुंवर नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि जमीनों पर कब्जे के कुछ मामलों में स्थानीय पटवारियों की मिलीभगत सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी के समक्ष भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।
अब देखना होगा कि जिला और पुलिस प्रशासन इन शिकायतों पर क्या कार्रवाई करता है। आरएलडी नेता ने स्पष्ट किया कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी।