Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 12 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
भाई दूज पर बहन से तिलक कराने जा रहे थे चार भाई, रास्ते में काल बनकर आया हादसा, एक साथ उठीं चार अर्थियां

आगरा। भाई दूज के पावन त्योहार पर जहां बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना कर रही थीं, वहीं एक परिवार में खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, आगरा के बोदला क्षेत्र निवासी चार युवक अर्टिगा कार से अपने पैतृक गांव औरैया की ओर जा रहे थे। उनका उद्देश्य भाई दूज के अवसर पर अपनी बहन से तिलक कराना था। इसी दौरान इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र में नगला सवी पूर्वी गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे डीसीएम वाहन में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चौथे युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन सगे भाई मोहित, गोविंद और हरिओम तथा उनका मौसेरा भाई विकास शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि परिवार ने करीब 10 से 15 दिन पहले ही नई अर्टिगा कार खरीदी थी। इसी कार से चारों भाई त्योहार मनाने और बहन से तिलक कराने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।

बुधवार को जब चारों युवकों के शव आगरा स्थित उनके घर पहुंचे तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। एक साथ चार अर्थियां उठने का दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। भाई दूज का त्योहार इस परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गया।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क पर सावधानी और सुरक्षित वाहन चलाने की अहमियत को सामने ला दिया है।

Previous News

संस्कृति विवि में विद्यार्थियों को सिखाए आत्मविश्वास बढ़ाने के तरीके, विशेष कार्यशाला में व्यक्तित्व विकास पर दिया जोर

Next News

आगरा में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार बाइक ने छीनी दो दोस्तों की जिंदगी, तीसरा अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा