Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 12 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
संस्कृति विवि में विद्यार्थियों को सिखाए आत्मविश्वास बढ़ाने के तरीके, विशेष कार्यशाला में व्यक्तित्व विकास पर दिया जोर

मथुरा। संस्कृति विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और प्रभावशाली संवाद कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ओराटर्स क्लब द्वारा आत्मविश्वास विकास विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। डीन, स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. डी.एस. तोमर के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन में आयोजित इस कार्यशाला में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला का संचालन ओराटर्स क्लब की फैकल्टी मेंटर एवं स्कूल ऑफ टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर श्रीमती शुभांगी सक्सेना ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए आत्मविश्वास बेहद महत्वपूर्ण है। अपने विचारों को स्पष्ट रूप से रखना, लोगों के सामने बिना झिझक बोलना और स्वयं की क्षमताओं पर विश्वास करना व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण पहलू हैं।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को प्रभावी संवाद कौशल, आत्मविश्वास के विभिन्न स्तरों, झिझक दूर करने और सकारात्मक सोच विकसित करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए। आइस-ब्रेकिंग गतिविधियों, संवादात्मक अभ्यासों और आत्म-मूल्यांकन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खूबियों को पहचानने तथा उनमें सुधार करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर धारा शर्मा, यथार्ध शर्मा, राहुल गौतम, संस्कृति और साक्षी सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यशाला को सफल बनाने में ओराटर्स क्लब के संयुक्त सचिव शिवांग पटेल कोऑर्डिनेटर आर्या का विशेष योगदान रहा। वहीं स्टूडेंट काउंसिल के अध्यक्ष अभिषेक एवं सागरिका की उपस्थिति ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।

श्रीमती शुभांगी सक्सेना ने डॉ. डी.एस. तोमर सहित विश्वविद्यालय प्रशासन, स्टूडेंट काउंसिल और ओराटर्स क्लब के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास सिर्फ मंच पर बोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वयं पर विश्वास रखने, अपने विचारों को स्पष्टता से व्यक्त करने और लगातार खुद को बेहतर बनाने की प्रक्रिया है।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, प्रभावी संवाद और बेहतर अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करना रहा।

Previous News

मथुरा के जावरा में श्री आदर्श रामलीला कमेटी का भव्य रावण दहन मेला, 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का हुआ दहन

Next News

भाई दूज पर बहन से तिलक कराने जा रहे थे चार भाई, रास्ते में काल बनकर आया हादसा, एक साथ उठीं चार अर्थियां