शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अंग्रेजी बाल कविताओं को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि ‘Johny Johny Yes Papa’ जैसी राइम्स बच्चों को झूठ बोलना सिखाती हैं। उन्होंने पाश्चात्य संस्कृति की इन कविताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये बच्चों में नैतिक मूल्यों के बजाय गलत आदतें विकसित कर सकती हैं।
यह बयान कानपुर में आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह के दौरान सामने आया, जहां मंत्री ने शिक्षा के साथ संस्कारों पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहें, बल्कि ‘गुरु’ बनकर बच्चों को सही-गलत का ज्ञान और नैतिक शिक्षा भी दें।
मंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि ‘ईटिंग शुगर, नो पापा’ जैसी पंक्तियां बच्चों के मन में झूठ बोलने की प्रवृत्ति पैदा कर सकती हैं। इसके विपरीत, उन्होंने भारतीय और हिंदी कविताओं को संस्कार देने वाला बताया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने शिक्षामित्रों को मानदेय वृद्धि के डेमो चेक भी वितरित किए और कहा कि जब शिक्षक अपनी भूमिका को जिम्मेदारी से निभाते हैं, तभी शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का सही विकास संभव है।