धर्मनगरी मथुरा में यम द्वितीया का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भाई-बहन के अटूट प्रेम और धार्मिक आस्था के प्रतीक इस पावन पर्व पर देशभर से हजारों श्रद्धालु मथुरा पहुंचे। यमुना के विभिन्न घाटों पर भाई-बहनों ने एक साथ स्नान कर पुण्य लाभ की कामना की।
सुबह से ही यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए। घाटों पर फ्लड पीएसी, एनडीआरएफ, प्रशिक्षित गोताखोरों और विभिन्न थानों की अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई।
वहीं, लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने और निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने की अपील की गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।
यम द्वितीया के अवसर पर मथुरा के यमुना घाटों पर आस्था, परंपरा और भाई-बहन के प्रेम का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।