मथुरा। शहर के भूतेश्वर स्थित किशोर कुंज में सोमवार को गोवर्धन पूजा महोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने शामिल होकर गिरिराज महाराज की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
गोवर्धन पूजा महोत्सव के अवसर पर किशोर कुंज में आकर्षक बंगले की सजावट की गई। विधि-विधान के साथ गिरिराज महाराज का अभिषेक किया गया और उन्हें श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया गया। छप्पन भोग के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा। गिरिराज महाराज के जयकारों से किशोर कुंज परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना के माध्यम से अपनी आस्था प्रकट की।
इस अवसर पर आचार्य गौरव शास्त्री ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व प्रकृति, गौवंश और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर उठाकर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था। तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाती है।
कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और गिरिराज महाराज के चरणों में शीश नवाकर मंगलकामना की।