Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 06 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
धनतेरस पर मांट पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, अतिक्रमणकारियों को दी सख्त चेतावनी; 15 दिन तक बाजारों में रहेगी पुलिस की निगरानी

मथुरा। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए मथुरा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी मांट अमरनाथ यादव के नेतृत्व में मांट पुलिस द्वारा बाजारों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों एवं रेहड़ी-पटरी संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई।

क्षेत्राधिकारी अमरनाथ यादव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क और फुटपाथ पर न फैलाएं, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि पुलिस का यह अभियान अगले 15 दिनों तक लगातार जारी रहेगा। इस दौरान बाजारों में नियमित चेकिंग के साथ यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा जनपद की सीमाओं पर बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस निगरानी बढ़ाई गई है।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मांट के अलावा सुरीर और नौहझील क्षेत्रों में भी पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए अपील की कि सभी लोग दीपावली का त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

अभियान के दौरान इंस्पेक्टर उमेश कुमार, कस्बा चौकी प्रभारी आकाश चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Previous News

त्योहारों को लेकर मथुरा पुलिस अलर्ट, छाता रोड पर SP ग्रामीण ने संभाली सुरक्षा की कमान; संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की हुई सघन चेकिंग

Next News

दिल्ली में एक ही दिन में तीन जगह भीषण आग, मचा हड़कंप