मथुरा के केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में मुख कैंसर के प्रति जागरूकता और समय पर निदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चार दिवसीय निःशुल्क जांच शिविर की शुरुआत की गई। शिविर के पहले दिन कंसल्टेंट हेड एंड नेक ऑन्को सर्जन डॉ. दिव्यांशु अग्रवाल ने 50 से अधिक मरीजों की आधुनिक मशीनों से जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।
इस दौरान मरीजों के मुंह की स्क्रीनिंग के साथ-साथ दूरबीन के माध्यम से गले की एंडोस्कोपी भी की गई। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि तंबाकू और शराब के सेवन के कारण मुख कैंसर के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, खासकर ब्रज क्षेत्र में इसके मरीज तेजी से सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख कैंसर शुरुआती अवस्था में बिना लक्षण के विकसित हो सकता है, इसलिए नियमित जांच बेहद जरूरी है। समय रहते पहचान होने पर इलाज आसान हो जाता है और मरीज के ठीक होने की संभावना भी बढ़ जाती है।
यह निःशुल्क शिविर 9 मई तक चलेगा, जिसमें मुंह से जुड़ी किसी भी समस्या से ग्रसित लोग जांच और विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठा सकते हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य आमजन को जागरूक करना और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।