मथुरा। थाना महावन परिसर में लंबे समय से खड़े माल मुकदमाती और लावारिस वाहनों के निस्तारण के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार, 5 नवंबर को थाना परिसर में कुल 14 वाहनों की नीलामी प्रक्रिया पूरी कराई गई। इनमें 12 मोटरसाइकिल, एक कार और एक टेंपो शामिल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा द्वारा लावारिस और माल मुकदमाती वाहनों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। नीलामी प्रक्रिया पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी महावन, नायब तहसीलदार बलदेव, अभियोजन अधिकारी मथुरा और परिवहन विभाग के सहायक संभागीय निरीक्षक की मौजूदगी में संपन्न हुई।
नीलामी में कुल 15 लोगों ने बोली लगाई। करीब दो घंटे तक चली प्रक्रिया में 27 चरणों में बोली लगाई गई। सभी 14 वाहनों के लिए सबसे अधिक 2 लाख 84 हजार रुपये की बोली टोकन नंबर-15, सैफ स्क्रिप्ट ट्रेडर्स, सादाबाद रोड महावन की ओर से लगाई गई।
पुलिस के अनुसार, नीलामी में 8 माल मुकदमाती वाहन और 6 लावारिस मोटरसाइकिल शामिल थीं। नियमानुसार पूरी प्रक्रिया संपन्न कराकर लंबे समय से थाने में खड़े वाहनों का निस्तारण किया गया।