Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 05 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बाल रामायण ने जीता दिल, रोमेक्स इंटरनेशनल स्कूल में तीन दिवसीय दीपावली फेस्ट की धूम

मथुरा। रोमेक्स इंटरनेशनल स्कूल में दीपावली के पावन पर्व पर तीन दिवसीय भव्य दीपावली फेस्ट का आयोजन हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रचनात्मक प्रतियोगिताओं और पुरस्कार वितरण समारोह से सजे इस महोत्सव में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत बाल रामायण रही, जिसने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. प्रिया चौधरी ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए कविता वाचन, ड्राइंग, पेंटिंग, दीया सजावट और लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया।

दूसरे दिन कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए बंदनवार निर्माण, स्लोगन लेखन, पेंटिंग, थाली सजावट और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने आकर्षक कलाकृतियों और रंग-बिरंगी रंगोलियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

महोत्सव के अंतिम दिन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मथुरा की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. चारु जैन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बृजवासी सिस्टर्स निशा पाठक एवं गौरी पाठक उपस्थित रहीं। विद्यालय के चेयरमैन एस.पी. सिंह, डायरेक्टर कृष्णा सिंह, प्रधानाचार्या डॉ. प्रिया चौधरी एवं अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत गणेश वंदना और लक्ष्मी स्तुति से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने बाल रामायण की मनमोहक नाट्य प्रस्तुति दी। भगवान श्रीराम एवं माता सीता के जीवन प्रसंगों पर आधारित इस प्रस्तुति में नन्हे विद्यार्थियों ने अपने अभिनय से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं ‘जय जय राम’ और ‘गोकुल धाम की दिवाली’ पर प्रस्तुत आकर्षक नृत्यों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय और उत्सवमय वातावरण से सराबोर हो गया।

इस अवसर पर अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. प्रिया चौधरी ने मुख्य अतिथि डॉ. चारु जैन एवं बृजवासी सिस्टर्स निशा पाठक और गौरी पाठक को पटका पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी को सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया।

प्रधानाचार्या डॉ. प्रिया चौधरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

तीन दिवसीय महोत्सव का सफल आयोजन सांस्कृतिक समन्वयक दीप्ति अग्रवाल एवं मुस्कान ठाकुर के निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम की सजावट में शिक्षिका मोहिनी एवं शिक्षक ऋषि का योगदान रहा। नृत्य एवं गायन प्रस्तुतियों की तैयारी में शिक्षक मोहित, कृष्णा और शिक्षिका सुमी ने विशेष भूमिका निभाई। मंच संचालन शिक्षक दीपक सेमवाल एवं शिक्षिका शीतल शर्मा ने किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। तीन दिवसीय दीपावली फेस्ट विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ भारतीय संस्कृति, कला और परंपराओं के प्रति सम्मान का संदेश देकर संपन्न हुआ।

Previous News

श्रीकृष्ण के चरित्र पर टिप्पणी से यादव महासभा में उबाल, धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर जताई कड़ी नाराजगी

Next News

गोवर्धन तहसील में रजिस्ट्री कार्यालय के उद्घाटन पर बवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष को धक्के देकर निकाला बाहर