गोवर्धन। गोवर्धन के डीग अड्डा स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब अचानक एक बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, गोवर्धन के गांव बाटी का रहने वाला एक युवक अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर आया था। पेट्रोल भरवाने के तुरंत बाद जैसे ही वह वहां से निकलने लगा तो कुछ दूरी पर अचानक बाइक में आग लग गई। घटना के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत आग बुझाने वाले सिलेंडर (फायर एक्सटिंग्विशर) का इस्तेमाल किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने जलती हुई बाइक का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।