भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं और पटुका पहनाकर किया जोरदार अभिनंदन, 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का लिया संकल्प
मथुरा में गोवर्धन विधानसभा के पूर्व विधायक श्याम सिंह अहेरिया को तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी का सदस्य बनाए जाने पर भव्य स्वागत किया गया। मसानी लिंक रोड स्थित उनके कार्यालय पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पटुका पहनाकर उनका जोरदार अभिनंदन किया। इस दौरान भाजपा जिंदाबाद के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। वहीं, पूर्व विधायक ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने की बात कही।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूर्व विधायक श्याम सिंह अहेरिया को तीसरी बार प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद मथुरा में उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
मसानी लिंक रोड स्थित उनके कार्यालय पर आयोजित स्वागत समारोह में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पटुका पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी खुशी जाहिर की और पूर्व विधायक को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
भाजपा नेतृत्व के इस फैसले को ब्रज क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह के रूप में देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि श्याम सिंह अहेरिया के राजनीतिक अनुभव का लाभ पार्टी संगठन को प्रदेश स्तर पर मिलेगा।
स्वागत समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता चेतन स्वरूप पाराशर, पूर्व भाजपा मंत्री रवि रावल, वरिष्ठ नेता चिंताहरण चतुर्वेदी, प्रेम पाल रावल, अरुण रावल, अनुसूचित मोर्चा मथुरा महानगर के जिलाध्यक्ष ब्रज मोहन सिंह, ब्रज वीर सिंह सिरोही, छटीकरा प्रधान नरेंद्र कुमार और विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान सभी ने पूर्व विधायक को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प जताया।
वहीं, स्वागत से अभिभूत पूर्व विधायक श्याम सिंह अहेरिया ने पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व सहित सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक छोटे से कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर जो सम्मान दिया है, उसके लिए वह नेतृत्व के आभारी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तार, संगठन को मजबूत बनाने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में वह पूरी ताकत के साथ जुटेंगे।