मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र में मिशन शक्ति टीम की पहल से पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सुलझा लिया गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों को थाने बुलाया और काउंसिलिंग के जरिए उनके बीच समझौता कराया। इसके बाद पति-पत्नी ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने का निर्णय लिया।
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत थाना बलदेव पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने सराहनीय पहल की।
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को थाना बलदेव क्षेत्र की एक महिला ने पारिवारिक विवाद को लेकर पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मिशन शक्ति टीम ने तत्काल कार्रवाई की और महिला के पति को थाने बुलाया।
इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों और काउंसिलिंग टीम ने दोनों पक्षों की बातों को धैर्यपूर्वक सुना। पुलिस टीम ने पति-पत्नी को पारिवारिक जीवन में आपसी तालमेल, सम्मान और शांति का महत्व समझाया। साथ ही, दोनों के बीच उत्पन्न गलतफहमियों को दूर करने के लिए सुलह-समझौते के प्रयास किए।
मिशन शक्ति टीम की समझाइश और सकारात्मक प्रयासों से दोनों पक्षों के बीच बातचीत सफल रही। पति-पत्नी ने पुराने विवादों को भुलाकर आपसी सहमति से आगे साथ मिलकर रहने का निर्णय लिया।
समझौता होने के बाद महिला को उसके पति के साथ सकुशल और ससम्मान घर भेज दिया गया। वहीं, महिला के परिजनों ने पुलिस और मिशन शक्ति टीम की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।