मथुरा के थाना सुरीर क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जरेलिया-हसनपुर मार्ग पर मांट ब्रांच के बंबा के समीप एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। युवक का शव बरी के पेड़ के नीचे पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने मांट ब्रांच के बंबा के पास बरी के पेड़ के नीचे एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खायरा चौकी के उपनिरीक्षक मानक चंद शर्मा, थाना सुरीर के उपनिरीक्षक मनोज कुमार और कांस्टेबल अमित कुमार मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद सीओ मांट अमरनाथ यादव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। युवक ने हरे रंग की शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। उसके अंतःवस्त्र पर अंग्रेजी में 'डॉलर' लिखा हुआ था। युवक के दाहिने हाथ में लोहे का कड़ा और काला धागा भी मिला है। हालांकि, काफी प्रयासों के बावजूद अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।