कान्हा की नगरी मथुरा में इन दिनों श्रीरामलीला महोत्सव की धूम देखने को मिल रही है। श्री बाल रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला महोत्सव में भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। विवाह की लीला संपन्न होते ही श्री राम वाटिका हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठी। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया और श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगे दिखाई दिए।
धर्मनगरी मथुरा के श्री राम वाटिका में आयोजित श्री बाल रामलीला कमेटी के श्रीरामलीला महोत्सव में धार्मिक और आध्यात्मिक छटा देखने को मिल रही है। महोत्सव के तीसरे दिन भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग का मनोहारी मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से विवाह की लीला को जीवंत कर दिया।
भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। जैसे-जैसे विवाह की लीला आगे बढ़ी, वैसे-वैसे पूरा वातावरण भक्तिमय होता चला गया। लीला संपन्न होने पर श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारे लगाए, जिससे श्री राम वाटिका गूंज उठी।
वहीं, श्री बाल रामलीला कमेटी के प्रधानमंत्री योगेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि रामलीला महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन भगवान की विभिन्न लीलाओं का मंचन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रामलीला का आयोजन प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से होगा। साथ ही उन्होंने धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रभु की लीलाओं का आनंद लेने और धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।