Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 25 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
PET परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने देर रात मथुरा जंक्शन का किया निरीक्षण

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को लेकर मथुरा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और परीक्षा निष्पक्ष, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके, इसके लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

इसी क्रम में शनिवार देर रात जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जनपद में परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए 33 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 33 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।

जनपद में कुल छह शिफ्टों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रत्येक शिफ्ट में 14,136 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि सभी शिफ्टों को मिलाकर कुल 84,816 परीक्षार्थियों के शामिल होने का अनुमान है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं।

साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट की दुकानों और साइबर कैफे को बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।

वहीं, दूसरे जिलों से ट्रेन के माध्यम से मथुरा पहुंचने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां हेल्प डेस्क, अतिरिक्त पुलिस बल, रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों की तैनाती के साथ होल्डिंग एरिया की व्यवस्था की गई है।

जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि PET-2026 की परीक्षा बिना किसी अव्यवस्था के संपन्न कराई जा सके।

Previous News

मथुरा के ब्रजरज उत्सव में संगीत की महफिल, ईशान मिश्रा ने जीता दिल

Next News

वृंदावन में रामलीला पंडाल में करंट से युवक की मौत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल