Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 22 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
15 नवंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, कुबलियापीड़ हाथी वध महोत्सव के कार्ड का हुआ विमोचन

मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ा कुबलियापीड़ हाथी वध महोत्सव इस बार भी धूमधाम से मनाया जाएगा। आगामी 15 नवंबर को आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भूतेश्वर के समीप श्री जी बाबा आश्रम में महोत्सव समिति के पदाधिकारियों द्वारा कार्यक्रम के आमंत्रण कार्ड का विमोचन किया गया। महोत्सव के अंतर्गत स्वामी घाट से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें एक दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचेगी, जहां भगवान श्रीकृष्ण और बलराम द्वारा हाथी वध लीला का आयोजन किया जाएगा।

मथुरा में कुबलियापीड़ हाथी वध महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं और आयोजन समिति में उत्साह देखने को मिल रहा है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 15 नवंबर को महोत्सव समिति द्वारा भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों के क्रम में गुरुवार को भूतेश्वर स्थित श्री जी बाबा आश्रम में समिति के पदाधिकारियों ने आमंत्रण कार्ड का विमोचन किया।

महोत्सव समिति के संस्थापक राज नारायण गौड़, पंडित बंसीलाल शर्मा और रमाकांत गोस्वामी ने बताया कि शोभायात्रा मथुरा के स्वामी घाट से प्रारंभ होकर चौक बाजार, मंडी रामदास और डीग गेट सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचेगी। शोभायात्रा में एक दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल होंगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

आयोजन की एक खास झलक ग्वाल-बालों की टोली होगी। महोत्सव में ग्वाल-बाल पारंपरिक वेशभूषा में हाथों में चमचमाती लाठियां लेकर शामिल होंगे। शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। इसके बाद श्रीकृष्ण-बलराम की लीला के माध्यम से हाथी वध का मंचन किया जाएगा।

समिति के पदाधिकारियों ने मथुरा शहर के साथ-साथ आसपास के जनपदों के श्रद्धालुओं और आमजन से महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। आयोजन समिति को उम्मीद है कि इस भव्य धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के दर्शन करेंगे और मेले का आनंद लेंगे।

Previous News

कल से शुरू होगा 11 दिवसीय ब्रजरज उत्सव, तैयारियों का जायजा लेने मेला ग्राउंड पहुंचीं CEO लक्ष्मी नागप्पन

Next News

पोलिंग पार्टियों की रवानगी का मंडलायुक्त, डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण