ब्रज की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं का भव्य संगम ब्रजरज उत्सव कल यानी 24 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। ब्रज तीर्थ विकास परिषद एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले 11 दिवसीय उत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। उत्सव का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और मथुरा की सांसद हेमा मालिनी द्वारा किया जाएगा। उत्सव में देशभर से आने वाले कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश करेंगे। आयोजन को लेकर ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने मेला ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मथुरा में आयोजित होने जा रहे ब्रजरज उत्सव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। 11 दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक महोत्सव में ब्रज की परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत को देशभर के लोगों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इसी क्रम में ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने मेला ग्राउंड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आयोजन स्थल पर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही मेला ग्राउंड में जहां भी व्यवस्थाओं से संबंधित कमियां शेष हैं, उन्हें जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए। सीईओ ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में अपने कार्य पूरे करें, ताकि उत्सव के दौरान कलाकारों और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ब्रजरज उत्सव को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अब सभी की निगाहें 24 अक्टूबर को होने वाले उत्सव के शुभारंभ पर टिकी हैं, जहां ब्रज की सांस्कृतिक छटा और लोक परंपराओं के रंग देखने को मिलेंगे।