Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 19 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: अज्ञात वाहन में पीछे से टकराई बस, महिला की मौत, चार घायल

यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना सुरीर क्षेत्र में आगरा से नोएडा की ओर जाने वाले मार्ग पर माइलस्टोन 77.750 के पास यात्रियों से भरी एक बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन में पीछे से टकरा गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, यमुना एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस और एक्सप्रेसवे की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस के अनुसार, सोमवार 19 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 4:50 बजे बस संख्या BR01PT7863 आगरा से नोएडा की ओर जा रही थी। इसी दौरान माइलस्टोन 77.750 के पास बस आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना सुबह करीब 5:15 बजे हाईवे कंट्रोल रूम के माध्यम से मिली।

पांच यात्री हुए हादसे का शिकार, महिला ने तोड़ा दम

दुर्घटना में प्रेमचंद मौर्य निवासी लखनऊ, अजहर खान निवासी लखनऊ, लालमणि जायसवाल निवासी दिल्ली, किरण कुमारी पत्नी लालमणि जायसवाल निवासी दिल्ली और प्रियंका मौर्य पत्नी प्रेमचंद मौर्य निवासी लखनऊ घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहझील पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने किरण कुमारी को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर से मृतका के परिजनों में शोक की स्थिति है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

हादसे की जानकारी मिलने पर थाना सुरीर प्रभारी अरुण कुमार डागर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और एक्सप्रेसवे की टीम ने राहत कार्य करते हुए क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यार्ड में खड़ा कराया। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, यातायात कराया सुचारू

पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मथुरा भेज दिया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई, जिसे पुलिस और संबंधित टीमों ने मिलकर सुचारू कराया। मौके पर एक्सप्रेसवे स्टाफ, पीआरवी और फायर सर्विस की टीम भी मौजूद रही।

फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों और बस के आगे चल रहे अज्ञात वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Previous News

मथुरा में पुलिस का पैदल गश्त सड़कों पर उतरे थाना प्रभारी संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की हुई चेकिंग

Next News

मथुरा में पुलिस मुठभेड़: इटावा के दो वांछित बदमाशों के पैर में लगी गोली,चोरी के 99,500 रुपये और हथियार बरामद