मथुरा में जरूरतमंदों की सेवा में जुटी सामाजिक संस्था अन्नपूर्णा फाउंडेशन ने विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर किड्स कार्निवाल का आयोजन किया। मसानी बाईपास लिंक रोड स्थित एक स्थानीय होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में स्लम क्षेत्रों और स्ट्रीट स्कूल के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों, मनोरंजक खेलों, ऊंट-घोड़े की सवारी और जादूगर के करतबों ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।
मथुरा में विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर अन्नपूर्णा फाउंडेशन के तत्वावधान में किड्स कार्निवाल का आयोजन किया गया। संस्था पिछले कई वर्षों से शहर के विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। इसी सेवा भावना के तहत बच्चों के लिए विशेष मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मसानी बाईपास लिंक रोड स्थित एक स्थानीय होटल में आयोजित कार्निवाल में स्लम क्षेत्रों के रहने वाले और स्ट्रीट स्कूल के बड़ी संख्या में बच्चों ने हिस्सा लिया। बच्चों के मनोरंजन के लिए गेम जोन तैयार किया गया था, जहां उन्होंने विभिन्न खेलों में भाग लेकर खूब मस्ती की। वहीं, ऊंट और घोड़े की सवारी बच्चों के लिए खास आकर्षण रही।
कार्यक्रम में जादूगर ने अपने हैरतअंगेज करतबों से बच्चों और अतिथियों का मनोरंजन किया। जादूगरी की प्रस्तुतियों को देखकर मौजूद लोग तालियां बजाने पर मजबूर हो गए। इस दौरान अन्नपूर्णा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
संस्था की इस पहल ने बच्चों को मनोरंजन के साथ खुशियां बांटने और उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का अवसर प्रदान किया।
विश्व खाद्य दिवस पर बच्चों के लिए खास आयोजन, अन्नपूर्णा फाउंडेशन के किड्स कार्निवाल में उमंग और उत्साह।