महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में मथुरा में अग्रवाल समाज द्वारा जगह-जगह भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार की देर शाम महोली रोड पर महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा धूमधाम के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और घोड़ों पर सवार नन्हे-मुन्ने राजकुमार दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे।
मथुरा के महोली रोड पर महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ बजरंग धर्म कांटा से हुआ, जो महोली रोड मुख्य बाजार से होते हुए प्रेम देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
शोभायात्रा में एक से बढ़कर एक धार्मिक और आकर्षक झांकियां बैंड-बाजे के साथ निकाली गईं। इनमें भगवान गणेश, मां दुर्गा, भूत-पिशाचों के साथ भगवान भोलेनाथ और महाराजा अग्रसेन की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं, घोड़ों पर दूल्हे के रूप में सवार 18 नन्हे-मुन्ने राजकुमारों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
शोभायात्रा के मार्ग में स्थानीय निवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और उत्साह के साथ स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के संबंध में आयोजकों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महोली रोड पर महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा निकाली गई है। इसमें महोली रोड व्यवसाय समिति के साथ-साथ अग्रवाल समाज के अन्य लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।